अयोध्या। आधे घंटे से अधिक की मूसलाधार बारिश में अयोध्या कैंट से धाम तक शहर की कई सड़कें और गलियां लबालब हो गईं। इसमें रामपथ भी शामिल रहा। आवागमन के दौरान पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मानसून की सक्रियता अब बढ़ गई है। ऐसे में तीन दिनों तक सभी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।
सोमवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। कभी हल्की धूप निकल आती तो कभी छांव हो जाती। ऐसे में ही सुबह 11 बजे के बाद शहर के कुछ क्षेत्रों में पहले चरण में हल्की बारिश हुई। इसके आधे घंटे बाद दूसरे चरण में अयोध्या कैंट से अयोध्या धाम तक एक साथ करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी।
इस दौरान अयोध्या कैंट में वजीरगंज, देवकाली, बेनीगंज, ऋषि टोला, हैदरगंज, दिल्ली दरवाजा, अमानीगंज और कंधारी बाजार समेत आसपास के मोहल्लों की सड़कों और गलियाें में भारी जलभराव हो गया। इसी तरह रामपथ पर भी कई जगह पानी भर गया। सबसे बुरी स्थिति अयोध्या धाम में श्रीराम अस्पताल से राम जन्मभूमि पथ, बिड़ला धर्मशाला, शृंगार हाट बैरियर होते हुए छोटी देवकाली मंदिर तक रहा। यहां रामपथ की दोनों लेन पर पानी भर जाने से स्थानीय निवासियों के साथ राम मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियाें का सामना करना पड़ा।
इसी तरह अयोध्या धाम में ही रायगंज, जलवानपुरा, राम की पैड़ी के प्रवेश मार्ग, भक्ति पथ, नगर निगम के जोनल कार्यालय, कोतवाली अयोध्या, जैन मंदिर चौराहा और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन व उसके आसपास के क्षेत्रों में हुए जलभराव ने मुसीबत को और बढ़ा दिया। रेलवे स्टेशन को जलभराव से मुक्त करने के लिए सफाई कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान यहां पर यात्रियों को आवागमन में कठिनाई हुई। कौशलेश कुंज के बेसमेंट में बनी पार्किंग में भी पानी भर गया।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। अब दो से तीन दिन तक आसमान के बादलों से घिरे रहने के साथ सभी क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को कुमारगंज और आसपास के क्षेत्र में 8.4 मिमी बारिश हुई। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 34 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 25.5 रहा।