अयोध्या। केंद्र व प्रदेश सरकार हर घर नल योजना के माध्यम से हर परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के मिशन में जुटी है। जिले में इस योजना से सभी परिवारों को जोड़ने के लिए 1,144 गांवों में 535 स्थानों पर टंकी बनाकर पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। कार्यदायी संस्था जल निगम ने अब तक 2,67,382 घरों तक शुद्ध पेयजल का कनेक्शन पहुंचा दिया है।
अब किसी भी नागरिक को पीने के पानी के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। योजना के तहत जून माह तक 3,26,489 घरों तक नल लगाकर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना को पूरा करने के लिए शासन की ओर से 2013.83 करोड़ का बजट कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराया गया है। अब तक 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। जल निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि इस योजना के माध्यम से घरों के साथ सरकारी संस्थानों, आंगनबाड़ी, स्कूल, कॉलेज व स्वास्थ्य केंद्रों में भी शुद्ध पेयजल पहुंचेगा।
सरकार द्वारा 2024 तक देश के ग्रामीण घरों में पानी पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में जल उपलब्ध करने के लिए ज्यादा से ज्यादा कनेक्शन प्रदान किये जा रहे हैं। जल की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार द्वारा पारम्परिक जल संरक्षण की विधियों को भी अपनाया जा रहा है।
सौर ऊर्जा से संचालित होंगे पंप
हर घर जल योजना के पंप सौर ऊर्जा से संचालित होंगे। ऐसे में बिजली न होने पर भी पेयजल की सप्लाई बराबर मिलती रहेगी। पंप को संचालित करने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।