बाबा बाजार। थाना क्षेत्र के ग्राम उमापुर में शनिवार को एक हृदय विदारक हादसे ने सबको झकझोर दिया। घर के इकलौते चिराग पवन कुमार (12) की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे पवन गांव के डिगिहा तालाब में नहाने गया था। एक महिला ने उसे तालाब में जाते देखा, लेकिन काफी देर तक वह बाहर नहीं आया। ग्रामीणों को आशंका हुई तब छानबीन में तालाब किनारे उसके कपड़े मिले। घंटों की तलाश के बाद तालाब से बालक को बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव जिला मुख्यालय भेजा गया है।
लोगों का कहना है कि पवन के पिता नीलमणि मिश्र का लगभग 10 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। माता राजवती मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में शिमला के एक अनाथालय में रह रही हैं। ऐसे में पवन का पालन-पोषण उसकी वृद्ध दादी कमलेश के सहारे हो रहा था। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।