बीकापुर। ब्लॉक क्षेत्र के सहावा और शिवतर ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों में स्वास्थ्य, शिक्षा और पूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी भी नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में निराशा दिखी।
सहावा में ग्राम प्रशासक सत्यनारायण गौड़ और सचिव सिंदूजा चौरसिया ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और शिकायतें सुनीं। वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड और चक मार्ग की पटाई से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। किसानों ने खतौनी के अंश निर्धारण के लिए भी आवेदन दिए। लेखपाल ने शिकायतों को दर्ज कर निस्तारण का आश्वासन दिया। शिवतर में ग्रामीणों को फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। राजस्व कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
इनसेट
हैदगंज क्षेत्र में ग्रामीणों ने गिनाईं समस्याएं
हैदरगंज। ग्राम पंचायत बेला और सवरधीर में चौपाल आयोजित की गई। बेला की चौपाल में ग्रामीणों ने पेंशन, शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं बताएं। ग्राम सचिव संदीप कुमार, ग्राम प्रशासक दिनेश सिंह, पंचायत सहायक मनीष कुमार और रोजगार सेवक जयप्रकाश मौजूद रहे। सवरधीर में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। ग्राम प्रशासक ललिता देवी, सचिव रजनीश वर्मा, रोजगार सेवक बृजेश कुमार और पंचायत सहायक सुभा सिंह समेत अन्य पंचायतकर्मी उपस्थित थे।