मिल्कीपुर। सांसद अवधेश प्रसाद ने बृहस्पतिवार को इनायतनगर के कहुआ में पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। इस दौरान परिजनों ने सांसद को बताया कि 10 अगस्त को ई रिक्शा से मां का इलाज करवाकर लौटते समय एसयूवी व थार सवार लोगों ने अभद्रता, छेड़छाड़ व मारपीट की। पुलिस ने चार बार तहरीर बदलवाने के बाद मुकदमा लिखा, जबकि थार गाड़ी को मुकदमे से अलग कर दिया गया।
बाद में लावारिस बताकर थार को भी थाने में रखा गया है। सांसद ने कहा कि इस सरकार में बहन, बेटी और आमजन सुरक्षित नहीं हैं। पूरे प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है। उच्चाधिकारियों से मुलाकात करके पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिलाई जाएगी।
उन्होंने शेष आरोपियों की 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी व आरोपियों की अवैध संपत्ति की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस मौके पर सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय, वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, कुंवर बहादुर सिंह, छोटेलाल यादव, रामजी पाल आदि मौजूद रहे। (संवाद)