25-बीकापुर तहसील में शिकायत सुनते कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह व मौजूद फरियादी।-संवाद
अयोध्या। जिले के सभी पुलिस थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान राजस्व संबंधी अधिकांश शिकायतें आईं, जिनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस संबंधी कुछ मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ।
मवई प्रतिनिधि के अनुसार मवई थाना में राजस्व से संबंधी दो मामला आया, जिसमें एक का मौके पर ही निस्तारण हुआ। पटरंगा में राजस्व से संबंधित सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निस्तारण के लिए राजस्व टीम रवाना की गई। बाबा बाजार में छह मामले राजस्व संबंधी पेश हुए, जिनमें तीन मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। रुदौली में 13 शिकायतें आईं, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण हुआ। अमानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार खंडासा में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर के समक्ष 11 शिकायतें आईं। इनमें एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ। मिल्कीपुर के सुरवारा निवासी जगदेव ने बताया कि क्षेत्र के बकचुना गांव में उनकी बैनामे की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा किया है। चंदौरा निवासी राजेश मिश्रा ने बताया कि विपक्षी ने चकमार्ग पर सीढ़ी बनाकर कब्जा किया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना इनायतनगर में 17 में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सहुलारा पूरे मौजीपुर गांव निवासी कृष्णा देवी ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनके घर के सामने सरिया के पास ईंट रखी है। कई बार कहने के बावजूद नहीं हटा रहे हैं। खिहारन निवासी कुलदीप ने बताया कि गांव के चकमार्ग कुछ लोगों ने कब्जा करके रास्ता अवरुद्ध कर दिया है। कुमारगंज में थाना प्रभारी ओम प्रकाश के समक्ष 11 मामले पेश हुए, जिनमें एक का निस्तारण हो सका। तारुन प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्राधिकारी बीकापुर पीयूष के समक्ष तारुन थाने में नौ मामले आए, जिनमें छह मामले राजस्व व तीन पुलिस से संबंधित थे। सीओ ने कहा कि राजस्व से जुड़े विवादों का समय रहते समाधान न होने पर कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह के समक्ष 24 शिकायतें आईं। इनमें 18 शिकायतें राजस्व संबंधी थीं। समाधान दिवस में तहसील के कोई भी प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारी मौजूद नहीं रहे। बताया गया कि एसआईआर फॉर्म दुरुस्तीकरण के चलते तहसील के अधिकारी व्यस्त हैं।