अयोध्या। तेज हवा के साथ 170.8 मिमी मूसलाधार बारिश में ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर कच्चे मकान और छप्पर धराशायी हो गए। पक्के मकानों की दीवारें गिर गईं। हाईवे समेत अन्य मार्गों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से आवागमन बाधित होने के साथ बिजली गुल हो गई। शहर से गांवों तक विभिन्न मोहल्लों व कॉलोनियों के साथ सरकारी कार्यालय और स्कूलों में भारी जलभराव हो गया। ऐसे में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
बृहस्पतिवार रात एक बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। पूरी रात के बाद शुक्रवार शाम तक रूक-रूक कर यह सिलसिला जारी रहा। ऐसे में रात से भोर तक शहरी क्षेत्र में रामपथ और धर्म पथ के साथ अयोध्या धाम व कैंट के विभिन्न मोहल्लों व कॉलोनियों के साथ सड़कों व गलियों में जलभराव हो गया। सुबह बारिश के थोड़ा धीमा होने के बाद धीरे-धीरे जलनिकासी हो गई। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में बृहस्पतिवार की तुलना में आठ डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 5.8 डिग्री कम 27 रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.2 डिग्री कम 24 रहा।