अयोध्या। अयोध्या प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। डाभासेमर स्टेडियम में 11 मार्च से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का आयोजन 27 मार्च तक किया जाएगा, जिसमें कुल 31 मुकाबले खेले जाने हैं। प्रतियोगिता के विजेता को 11 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के चौथे दिन शनिवार को कई रोमांचक मुकाबलों का आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। एक मुकाबले में हिंडन टाइटंस और यमुना सुपर किंग्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिंडन टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 197 रन बनाए और यमुना सुपर किंग्स के सामने 198 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यमुना सुपर किंग्स की टीम 19.1 ओवर में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह हिंडन टाइटंस ने यह मुकाबला 58 रनों से अपने नाम कर लिया।
दूसरा मुकाबला गोमती थंडर व सरयू के बीच में हुआ। इसमें गोमती थंडर विजयी हुई। इसमें ऋतिक श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया। मैच में अंपायर की भूमिका संतोष सिंह और जतिंद्र सिंह ने निभाई, जबकि रोहित यादव टीवी अंपायर रहे। पवन यादव रिजर्व अंपायर की जिम्मेदारी में रहे। मैच रेफरी की जिम्मेदारी मोहम्मद कासिम ने संभाली और स्कोरिंग का कार्य आशुतोष वाजपेयी की ओर से किया गया। क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव उमेर अहमद ने बताया कि अयोध्या प्रीमियर लीग के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। आगे भी कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।