मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र के भीखी का पुरवा वैसू पाली में रविवार की देरशाम शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। थाना क्षेत्र के ही कलंदरपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में दूल्हे के ताऊ की मौत हो गई। शोक में डूबे परिजनों ने मातमी सन्नाटे के बीच वर-वधू का विवाह संपन्न कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के बनई का पुरवा निवासी पवन तिवारी, अपने छोटे भाई सुरेंद्र के बेटे सौरभ की शादी में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह खंडासा थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे किसी वाहन से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में आई गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्यवाही की जाएगी।
वहीं, घटना की खबर मिलते ही वर-वधू पक्ष में सनसनी फैल गई। गाजे-बाजे बंद कर दिए गए और शादी का उल्लास फीका पड़ गया। विदाई से पहले ही दुल्हन समेत परिजनों की आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सन्नाटे के माहौल में किसी तरह विवाह संपन्न कराया गया और परिजन आनन-फानन में वहां से रवाना हुए।