बीकापुर। नगर पंचायत क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े एक बुजुर्ग व्यवसायी से कार सवार बदमाशों ने 28,500 रुपये लूट लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उमा शंकर यादव (76) भवन निर्माण सामग्री और उर्वरक व्यवसायी हैं। वह अपनी दुकान में हुई बिक्री के 28,500 रुपये केनरा बैंक में जमा करने साइकिल से जा रहे थे। रास्ते में कार सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका।
बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें कार के पास बुलाया। जैसे ही उमा शंकर यादव रास्ता बताने लगे, बदमाशों ने उनकी जेब से रुपये निकाल लिए और अयोध्या की तरफ भाग निकले। पीड़ित बुजुर्ग ने बेटे अशोक यादव और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जुग्गी लाल यादव के साथ बीकापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
छिनैती की सूचना मिलते ही बीकापुर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।