अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय में आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। संग्रहालय की पांच अत्याधुनिक गैलरियों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि कुल 20 गैलरियों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी गैलरियों की पटकथा को पहले ही अंतिम रूप दिया जा चुका है। अब केवल तकनीकी कामों को पूरा किया जा रहा है।
वहीं, थ्री डी व सेवन डी तकनीक आधारित गैलरियों का निर्माण अप्रैल के अंत तक पूरा हो जाएगा। इन गैलरियों में श्रद्धालु राम मंदिर आंदोलन से जुड़ा इतिहास, अयोध्या की प्राचीनता और रामकथा के दर्शन विभिन्न माध्यमों से कर सकेंगे। विशेष आकर्षण थ्री डी और सेवन डी तकनीक से सुसज्जित गैलरियां होंगी, जहां दर्शक केवल दृश्य नहीं देखेंगे, बल्कि ध्वनि, प्रकाश और विशेष प्रभावों के जरिये रामकथा को अनुभव भी कर सकेंगे। इन गैलरियों का निर्माण तेजी से चल रहा है। अप्रैल के अंत तक यह बनकर तैयार हो जाएंगी।
संग्रहालय के निदेशक डॉक्टर संजीव सिंह का कहना है कि इन गैलरियों के तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिकता के साथ-साथ तकनीकी नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इससे नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और रामायण की परंपरा से जोड़ने में मदद मिलेगी। परियोजना के तहत इंटरएक्टिव डिस्प्ले, डिजिटल इंस्टॉलेशन, ऑडियो गाइड और मल्टीमीडिया प्रस्तुति की व्यवस्था की जा रही है।