18-श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के साथ मौजूद बिजली निगम के चेयरमैन।-संवाद
अयोध्या। बिजली निगम के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल मंगलवार की दोपहर अयोध्या पहुंचे और समीक्षा बैठक की। इस दौरान राम मंदिर में लंबे समय तक बिजली गुल होने के मामले पर उन्होंने जवाब-तलब किया और सभी अधिकारियों को फटकार लगाई।
एमडी मध्यांचल रिया केजरीवाल और निदेशक तकनीकी हरीश बंसल के साथ बिजली निगम के चेयरमैन मंगलवार दोपहर अयोध्या पहुंचे। सर्किल कार्यालय के पीछे स्थित भवन में उन्होंने दोपहर लगभग 12:30 बजे जिले और जोन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बीते 14 अक्तूबर को राम मंदिर में लगभग 45 मिनट तक बिजली गुल होने का मुद्दा ही छाया रहा।
उन्होंने इस पर सभी अधिकारियों से जवाब मांगा। सूत्रों के अनुसार बैठक में एक अधिकारी ने इसे पारेषण खंड की गलती बताई तो इस पर भी वह नाराज हो गए। हर हाल में राम मंदिर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले का सबसे बड़ा बिजली उपभोक्ता राम मंदिर है। यह एक अति महत्वपूर्ण स्थान भी है। पूरे देश की नजर राम मंदिर पर रहती है। इसलिए यहां किसी तरह की चूक अक्षम्य है। भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न होने की उन्होंने चेतावनी दी।
इसके बाद वह कारसेवकपुरम में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात करके मंदिर में बिजली आपूर्ति को लेकर चर्चा की। बाद में ही राम मंदिर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा से मुलाकात कर कई बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारियों में हलचल तेज रही।
मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि सर्किल कार्यालय में चेयरमैन ने राजस्व वसूली, बिजली आपूर्ति समेत अन्य मुद्दों की समीक्षा की है। बिजलीघरों का निरीक्षण करके सुधार के निर्देश दिए हैं। साथ ही राम मंदिर में वरीयता के आधार पर बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा है। वहीं, आगामी 25 नवंबर को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से भी इसे जोड़ा जा रहा है।