बीकापुर। शिक्षा क्षेत्र के 11 केंद्रों पर बुधवार से आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का भ्रमण करके तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। हालांकि, परिषदीय स्कूलों से शिक्षकों की ड्यूटी लगने से पठन-पाठन प्रभावित होने की उम्मीद है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट व खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार क्षेत्र में 11 परीक्षा केंद्र बने हैं। इनमें भारती इंटर कॉलेज, केकेएडी इंटर कॉलेज मजरुद्दीनपुर, पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज खजुरहट, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तोरोमाफी, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदासपुर मझौली, राज माधव श्री इंटर कॉलेज जलालपुर माफी, कनकलता इंटर कॉलेज सहजपुर मठिया, ग्राम विद्यालय इंटर कॉलेज कोदैला, कृषक इंटर कॉलेज रामपुर भगन, त्रिलोकी नाथ इंटर कॉलेज चौरे बाजार, कुसमा इंटर कॉलेज पाली पूरब शामिल हैं।
सभी परीक्षा केंद्र पर परिषदीय स्कूलों के 110 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। बेसिक स्कूलों से 55 शिक्षकों की और डिमांड हुई है। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगने से बुनियादी शिक्षा होगी प्रभावित। परिषदीय स्कूलों में पठन-पाठन कार्य प्रभावित होगा। बीकापुर क्षेत्र में संचालित 153 परिषदीय स्कूलों में तैनात 582 शिक्षकों में से 165 की ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रत्येक विद्यालय से औसतन एक या दो शिक्षकों की ड्यूटी लग रही है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जहां अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहीं के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।