बीकापुर। मलेथू कनक हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब छह माह से टिकट बिक्री ठप है। इसके चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा हैं। यहां से अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रयागराज जाने वाले यात्री असहज महसूस कर रहे हैं।
हाॅल्ट रेलवे स्टेशन पर टिकट बिक्री का कार्य ठेके पर संचालित होता रहा है। अगस्त, 2025 से नया टेंडर न होने से समस्या पैदा हुई है। बीकापुर नगर पंचायत के रामपुर परेई निवासी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि वह पिछले 32 वर्षों से टेंडर लेकर टिकट बेचते रहे हैं। कोरोना काल में कई पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद हो गया है। सिर्फ एक पैसेंजर ट्रेन का आवागमन और ठहराव होता है।
लंबी दूरी की करीब आधा दर्जन ट्रेन यहां से गुजरती हैं, जिनका ठहराव यहां नहीं होता है। टिकट बिक्री में कोई फायदा न होने और रेल विभाग की उदासीनता के चलते उन्होंने नया टेंडर नहीं डाला। इसी प्रकार चौरे बाज़ार हाल्ट रेलवे स्टेशन पर भी काफी समय से टिकट बिक्री कार्य नहीं हो रहा है। क्षेत्र के निवासी अजय कुमार, सचिंद्र नाथ तिवारी, कृष्ण सिंगार मिश्रा आदि ने बताया कि रेलवे विभाग में शिकायत की गई, लेकिन टिकट बिक्री व अन्य ट्रेनों के ठहराव के लिए पहल नहीं हुई।