रामनगरी में झूलनोत्सव का रंग चटख हो चुका है। भक्तों से अटी-पटी अयोध्या का रंग और निखर गया है। मंदिरों में गायन-वादन परवान पर हैं। अध्यात्म के साथ संस्कृति और संगीत की पेंग से सजने वाले झूलनोत्सव में भक्त आह्लादित हैं। सावन पूर्णिमा स्नान के लिए अयोध्या में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है।
पांच लाख से अधिक भक्त अयोध्या पहुंच चुके हैं। अयोध्या में चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। सीसीटीवी व ड्रोन से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। अयोध्या के मठ-मंदिरों में झूलन महोत्सव की धूम है। झूलनोत्सव के मुख्य पर्व पूर्णिमा स्नान की पूर्व संध्या पर रामनगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
भव्य हिंडोले पर विराजमान अपने आराध्य के झूला विहार का दृश्य देखने के लिए देश के कोने-कोने से भक्त उमड़ पड़े हैं। लाखों श्रद्धालुओं ने रविवार को सरयू में डुबकी लगाई और विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। रामलला के दरबार में रात आठ बजे तक एक लाख से अधिक भक्त हाजिरी लगा चुके थे।
श्रद्धालुओं ने दिन-भर दर्शन-पूजन किया शाम होते ही मठ-मंदिरों में झूलन महोत्सव में उमड़ पड़े। सावन पूर्णिमा पर अयोध्या में 10 लाख श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। वहीं मठ-मंदिरों में झांकी भी सजाई गई। भगवान के स्वरूपों का दर्शन कर भक्त निहाल होते रहे।