अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन 45 महाविद्यालयों के करीब 200 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी के अश्वनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी कॉलेज के सोहनलाल दूसरे और देव इंद्रावती कॉलेज टांडा के सचिन यादव तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, महिला वर्ग में डॉ. राममनोहर लोहिया आवासीय परिसर की कृतिका सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी की महीनूर अव्वासी दूसरे और उर्मिला महाविद्यालय अयोध्या की रुचि तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण संघर्ष, अनुशासन और खेल भावना है। खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा के साथ प्रतिभाग करते हुए अंतिम क्षण तक संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस भी प्रदान करते हैं।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में निर्धारित मानक पूरा करने वाले खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी अवध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उद्घाटन अवसर पर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, डॉ. कपिल सिंह आदि मौजूद रहे।