अयोध्या। डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 क्लब चैंपियनशिप में शनिवार को आरएस पांडेय क्रिकेट अकादमी ने एससीए को 45 रन से पराजित किया। प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। मैच एक दिसंबर तक खेले जाएंगे।
आरएस पांडेय क्रिकेट अकादमी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। योगेश शुक्ला ने 27 गेंदों पर 13 रन, रोशन कुशवाह ने 21 गेंदों पर 18 रन और अंकित यादव ने 17 गेंदों पर 23 रन बनाए। गेंदबाजी में आरव यादव ने पांच विकेट झटके, जबकि परमेश्वर निषाद और मुजम्मिल को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एससीए की टीम 14 ओवर में 54 रन पर सिमट गई। सत्यम यादव ने 21 गेंदों पर 13 रन बनाए। आरएस पांडेय क्रिकेट अकादमी की ओर से दीपक चौहान ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। अखिल यादव और रोशन कुशवाह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव उमेर अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। लीग मुकाबलों के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता का समापन एक दिसंबर को होगा।
वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 क्लब चैंपियनशिप में शनिवार शाम खेले गए मुकाबले में अयोध्या क्रिकेट अकादमी ने मनकापुर फाल्कंस को 16 रन से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मनकापुर फाल्कंस की टीम 19.3 ओवर में 87 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अवधेश यादव ने 32 गेंदों पर 33 रन और अमनदीप शुक्ला ने 24 गेंदों पर 11 रन बनाए। गेंदबाजी में कृष्णा, नील यादव और वारिस अली ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अयोध्या क्रिकेट अकादमी की टीम 16.1 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। दिशांत वर्मा ने 21 गेंदों पर 18 रन बनाए। मनकापुर फाल्कंस की ओर से उपेंद्र यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। करण गुप्ता ने तीन और आयुष वर्मा ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
14--डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जीतने के लिए जद्दोजहद करते खिलाड़ी।-स