फोटो-40-अस्पताल में भर्ती घायल मोनू।संवाद
- फोटो : 1
अजीतमल। कस्बे के मोहल्ला फिरोजनगर में शनिवार देर रात संदिग्ध हालात में गला कटने से एक युवक घायल हो गया।
घायल की पत्नी ने थाने के एक सिपाही पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं मोहल्ले के एक युवक ने घायल व उसके भाई पर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिरोजनगर निवासी महिला ललिता का आरोप है कि शनिवार देर रात उनके पति के मोबाइल पर थाने के एक सिपाही का फोन आया। उन्होंने फोन उठाया तो सिपाही ने परिवार में बारे में जानकारी ली। थोड़ी देर बाद वह उनके घर आया और अभद्रता करने लगा। शोर सुनकर उनके पति मोनू और जेठ सोनू भी आ गए। आरोप है कि सिपाही ने धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में मोनू गला कटने से गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया जबकि सोनू को भी गंभीर चोटें आईं।
महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से मोनू की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता का दावा है कि उसने हेड कांस्टेबल व दो अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है।
इस पूरे मामले में सीओ मनोज गंगवार ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि युवक ने ही खुद को घायल किया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने मामले की जांच किए जाने की बात कही।
वहीं दूसरी तरफ फिरोजनगर निवासी अन्नू सिंह ने सोनू और मोनू के खिलाफ शराब के लिए रुपये न देने पर पीटने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि वह शनिवार रात को आठ बजे ई-रिक्शा चलाने के बाद अंडे की दुकान पर पहुंचा था। यहां सोनू ने शराब के लिए रुपये मांगे। मना करने पर सोने और मोनू ने उस पर हमला कर दिया। इसके बार जान से मारने की धमकी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन घंटे बाद आई एंबुलेंस
घायल मोनू को रात 10:30 बजे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजन ने कई बार आपातकालीन सेवा को कॉल किया लेकिन करीब तीन घंटे तक कोई सहायता नहीं मिली।