अयाना। थाना क्षेत्र के महारतपुर में पानी की टंकी में मिले कंकाल को पुलिस ने जांच के लिए भेजा था। रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कंकाल किसी जानवर का होना पाया गया है।
महारतपुर निवासी जितेंद्र गांव में जल निगम की ओर से बनाई गई पानी की टंकी में ऑपरेटर हैं। 13 अप्रैल की शाम को वह पानी की आपूर्ति चालू करने के लिए टंकी पर गया था। वहां वॉल्व में समस्या आने पर उसने टंकी पर चढ़कर जांच की तो उसे टंकी में एक कंकाल पड़ा दिखा। इस पर उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी थी।
स्थानीय लोगों ने किसी युवक की डूबकर मौत हो जाने व शव सड़ जाने की आशंका जाहिर की थी। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि कंकाल को जांच के लिए मथुरा के वेटरनरी हॉस्पिटल की लैब में भेजा गया। रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भौतिक सत्यापन के आधार पर कंकाल जानवर का बताया गया है। उसके जबड़े व रीढ़ की हड्डी मानव के आकार से छोटी व भिन्न हैं। कंकाल किस जानवर का है, इसकी पुष्टि डीएनए रिपोर्ट से संभव हो सकेगी।