फफूंद। थाना क्षेत्र के नगरिया में रविवार रात तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में युवक के पैर में गोली लगने से हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत सीएचसी ले गए, जहां से डाक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया।
फफूंद थाना क्षेत्र के बिलराई निवासी रतीराम ने बताया कि रविवार रात उसका पुत्र रोहित (23) पास के गांव नगरिया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। तिलक चढ़ने पर गांव के ही युवक ने तमंचे से हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली पास खड़े रोहित के पैर में जा लगी।
उसके जमीन पर गिरते ही समारोह में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद परिजन व ग्रामीण तुरंत घायल को सीएचसी दिबियापुर ले गए। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को सैफई रेफर कर दिया। थाना प्रभारी फफूंद ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।