फैजाबाद की कंपनी की फर्जी चेक लगाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस आज तक नहीं तलाश कर सकी है। युवक ने खाते में फर्जी आईडी लगाई थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो धोखाधड़ी करने वाले युवक का शहर की पांच बैंकों में खाता है।
सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक ने रासिद अली पुत्र असरफ अली निवासी 42/663 कांशीराम कालोनी एसपी आवास के खिलाफ सदर कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि युवक ने फैजाबाद की आनंद ट्रांसफार्मर कंपनी की फर्जी चेक बनवाकर अपने खाते में लगाकर 8.86 लाख रुपये का भुगतान कराया। जब कंपनी के अधिकारी ने आपत्ति की तो मामला खुला। पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर पर मामला दर्ज किया। लेकिन पुलिस को युवक की गिरफ्तारी में सफलता हाथ नहीं लगी।
कोतवाली की मानें तो युवक की तलाश के लिये कालोनी मेें पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली कि असरफ अली ने सेंट्रल बैंक के अलावा केनरा बैंक, एचडीएफसी, बैंक आफ इंडिया और एक्सिस बैंक में भी फर्जी कागज लगाकर खाता खुलवाया है। इस सभी खातों से लेन-देन भी किया है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। कई स्थानों पर पुलिस ने छापेमारी भी की लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी है। सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक मोहन लाल मीणा ने बताया कि युवक की तलाश बैंक स्तर पर भी की जा रही है।