उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित पंचायत अधिकारी पद के अभ्यर्थियों की आचार संहिता की वजह से तैनाती रोक दी गई। इससे अभ्यर्थी अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि अन्य जिलों में तैनाती दे दी गई है। इन्होंने शासनादेश के तहत डीपीआरओ से तैनाती की मांग की है। इसके अलावा डीएम से भी मांग की है।
चयनित अभ्यर्थी विमल कुमार, नितिन मिश्रा, अरुण तिवारी, सुशील कुमार, अर्पित यादव, बसंत कुमार, विनय कुमार व रवि ने बताया कि चयन होने के बाद भी तैनाती नहीं की जा रही है। अपर मुख्य सचिव चंचल कुमार तिवारी ने पंचायतीराज निदेशक को इस संबंध में निर्देश भी दिया है। इसके तहत अन्य जिलों में ग्राम विकास अधिकारी के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
औरैया में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आचार संहिता के कारण नियुक्ति न दिए जाने की बात कही जा रही है। तैनाती में आचार संहिता का फेर नहीं आ रहा है। जिले के अधिकारी तैनाती देने में आनाकानी कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने डीएम व डीपीआरओ से जल्द तैनाती की मांग की है।