Youth dies due to electrocution while fixing electric board
- फोटो : AURAIYA
रुरुगंज (औरैया)। रुरुगंज कस्बा के निकट ग्राम बरका पुरवा में शुक्रवार को दोपहर खेत पर पानी लगाते समय अचानक ट्यूब वेल के लिए लगे बिजली के बोर्ड मेें कमी आ गई। बिजली जाने पर युवक बोर्ड को ठीक करने लगा। तभी अचानक बिजली आते ही युवक करंट की चपेट में आने से झटके के साथ दूर गिरकर बेहोश हो गया। जानकारी होने पर परिजन युवक को बेहोशी की हालत में सीएचसी बिधूना ले गए। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
ग्राम बरका पुर्वा निवासी पवन कुमार (25) पुत्र रणबीर सिंह शुक्रवार को अपने खेत पर कंछेद सिंह के ट्यूबवेल से पानी लगा रहा था। तभी अचानक ट्यूबवेल बंद हो गया। जिस पर पवन ने ट्यूबवेल के लिए लगेे बोर्ड को देखा तो उससे धुंआ निकल रहा था। इस पर पवन ने उक्त बोर्ड को ठीक करने का प्रयास किया। तभी अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई। जिससे पवन करंट की चपेट में आकर झटके के साथ दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। पवन के गिरने से हुई आवाज को सुनकर पड़ोसी खेत स्वामी विजय राम सिंह दौड़कर मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने पवन को बेहोशी की हालत में पड़ा देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिस पर लोगाें ने पवन के परिजनों को सूचना दी। साथ ही पवन को बेहोशी की हालत में सीएचसी बिधूना पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पवन के भाई छोटे ने बताया कि पवन भीलवाडा राजस्थान में होंडा कंपनी में काम करता था। एक माह पहले ही बीमारी के कारण वह छुट्टी पर घर आया था। उसने बताया कि पवन की शादी ढाई साल पहले कल्पना यादव निवासी कंजाहार थाना घिरोर मैनपुरी के साथ हुई थी। पवन का एक पांच माह का मासूम पुत्र रिशु है। पवन दो भाइयों व दो बहिनों में सबसे बड़ा था। पवन कल रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन सोनम के गुलाबपुरा निवाड़ीकला के यहां से राखी बंधवाकर आज शुक्रवार को अपने गांव वापस लौटा था। जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही रुरुगंज चौकी इंचार्ज देवेंद्र प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना की जानकारी होते ही जिला पंचायत सदस्य लालजी यादव, बसपा नेता संजीव यादव ने मृतक के घर पहुंचकर दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया।