संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़ापुर में शुक्रवार शाम एक लोडर को खेल-खेल में गांव में घुमाया जा रहा था। इसी दौरान लोडर अचानक से एक युवक को टक्कर मारकर कुचलता हुए निकल गया। जिला अस्पताल ले जाने पर युवक को डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार शाम मढ़ापुर गांव निवासी शिवम (19) पुत्र शिवपूजन गांव के बलवीर के लोडर के पास खड़ा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने खेल-खेल में गांव में लोडर चलाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गली में शिवम को टक्कर मारते हुए रौंदता हुआ लोडर निकल गया। हादसा देख ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। शिवम को घायल हालत में 50 शैया जिला अस्पताल लाया गया।
जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस पहुंची। शव का पंचनामा भरा गया। कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि लोडर की चपेट में आकर युवक की मौत होने की सूचना मिली है। मामले में जांच की जा रही है।