औरैया। पत्नी से विवाद के बाद बुधवार देर रात युवक ने यमुना नदी में पुल से छलांग लगा दी। कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस को बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे एक युवक के यमुना में कूदने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। पुल पर युवक की बाइक और मोबाइल फोन मिला। छानबीन के बाद पुलिस शेरगढ़ घाट पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद युवक को नदी से बचाकर बाहर निकाल लिया गया। युवक की पहचान जालौन के कुठौद निवासी दीपक कुमार (30) पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि उसने पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद के बाद यह कदम उठाया था।
दीपक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवक को समझाया और फिर उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है।