औरैया। यमुना नदी पुल पर मंगलवार सुबह ज्वाइंटर में फंसने से डंपर की कमानी टूट गई। इसके कारण करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मशक्कत कर छह घंटे बाद आवागमन सुचारु कराया।
जालौन रोड पर यमुना नदी पर बने पुल पर मंगलवार सुबह लगभग चार बजे मौरंग लदा ओवरलोड डंपर पुल के ज्वाइंटर में फंस गया। इससे उसकी कमानी टूट गई। इससे डंपर बीच पुल पर ही खड़ा हो गया। थोड़ी ही देर में दोनों तरफ लगभग चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सुबह चार बजे से 10 बजे तक कोई भी पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
इस कारण देवकली चौकी से लेकर जालौन जिले के गांव शंकरपुर तक जाम में एंबुलेंस, कार व सवारी वाहन फंसे रहे। सुबह लगभग सवा 10 बजे चीता मोबाइल पुलिस ने किसी तरह एक तरफ से वाहनों को निकलवाया। तब जाकर लोगों को राहत मिली।
सड़क पर गड्ढों की जांच के दिए निर्देश
पुल की सड़क पर गड्ढों की जांच कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के आधार पर जो भी स्थिति सामने आएगी, उसके अनुसार समस्या को दूर कराया जाएगा। - अनिल जाटव, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, औरैया