मौके से पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्राली और खड़े पुलिस और अधिकारी
- फोटो : AURAIYA
औरया। थाना क्षेत्र के नगरिया पुलिया के पास एक ट्रैक्टर में लदी बालू को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने पकड़ लिया। इस मामले में ट्रैक्टर और दो लोगों को अछल्दा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। सींचपाल ने अछल्दा थाने में तीन लोगों के खिलाफ अवैध खनन की तहरीर दी है।
शनिवार को दोपहर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह फफूंद रजबहा के दौरे पर थे। तभी नगरिया पुलिया के पास एक ट्रैक्टर में बालू भरी जा रही थी। उन्होंने वहां रुककर रजबहा से संबंधित अवर अभियंता हरिश्चंद्र को निर्देशित कर खनन कर रहे ट्रैक्टर सहित दो लोगों को मौके पर बुलाकर अछल्दा थाने के एसआई पंकज सिंह के सुपुर्द कर दिया।
थाने में क्षेत्रीय सींचपाल सनद कुमार ने अवैध खनन कर रहे तीन लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। जिसमें अखलेश कुमार पुत्र रामकृष्ण निवासी छछूंद, इंदल सिंह पुत्र शिवकुमार को मौके से पकड़ लिया है। जबकि मुख्य खनन माफिया ट्रैक्टर मालिक सुड्डन यादव पुत्र रामदास निवासी गपकापुर अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इन तीनों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई है। मौके पर सहायक अभियंता दिनेश चंद्र, अवर अभियंता सर्वेश कुमार, केपी सिंह सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि नहरों एवं रजबहों से लोगों ने खनन कर रजबहा एवं नहरों की पटरियों को कमजोर कर दिया है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई व्यक्ति नहर और रजबहा से खनन करता है तो तत्काल 112 नंबर या विभाग के कर्मचारी को सूचित करें। जिससे अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।