दिबियापुर। विद्युत वितरण खंड की अधिशासी अभियंता के शोषण के खिलाफ चार एसडीओ, 10 जेई समेत लगभग 55 कर्मचारी बुधवार को काम बंद कर धरने पर बैठ गए। उनके साथ ठेके पर कार्यरत लगभग ढाई सौ कर्मियों ने भी पूरे दिन धरना दिया।
जिले में पहला ऐसा मौका है, जब किसी अधिकारी के खिलाफ उसके सभी अधीनस्थ एक साथ धरने पर बैठे हों। मंगलवार की शाम सभी अधिकारियों कर्मचारियों ने एक्सईएन के स्थानांतरण अन्यथा खंड के सभी कर्मियों के सामूहिक स्थानांतरण की मांग को लेकर दक्षिणांंचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को पत्र लिखा था।
अधिशासी अभियंता नेहा सिंह पर शोषण का आरोप लगाकर विद्युत वितरण खंड दिबियापुर के सभी चार एसडीओ, 10 अवर अभियंताओं समेत 18 कर्मियों ने वितरण निगम के एमडी को शिकायती पत्र भेजा था। सभी ने एक्सईएन पर लगातार शोषण के आरोप लगाए थे। कार्यालय में ही मौजूद रहीं एक्सईएन ने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया था।
बुधवार को खंड के अधिकारी कर्मचारी कार्यवाही की मांग को लेकर काम बंद कर धरने पर बैठ गए। विभाग के अलग-अलग उपखंड के चार एसडीओ, 10 अवर अभियंता, कार्यालय सहायक, टीजी -2 समेत 55 अधिकारी कर्मचारी काम बंद कर धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में ठेके पर तैनात पूरे दिबियापुर खंड के लगभग 250 मीटर रीडर, लाइनमैन भी कार्यालय पर पहुंच गए। यहां पूरे दिन सभी धरना देते रहे।
दिबियापुर उपखंड अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि खंड के अधिकारी कर्मचारी रोज-रोज की प्रताड़ना सह नहीं पा रहे थे। इसी के कारण सभी ने मिलकर यह कदम उठाया है। धरने पर बैठे सभी लोगों ने एक सुर में कहा कि अब जब तक कि उच्चाधिकारी कोई ठोस निर्णय नहीं लेते। तब तक वह लोग अपनी मांग पर अडिग रहेंगे।
विभिन्न उपखंडों के एसडीओ महेंद्र सिंह यादव, अनुराग पांडेय, मनोज कुमार वर्मा, ऋषभ सिंह, अवर अभियंता विजय सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। इधर, पूरे दिन किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों का दर्द नहीं सुना। इसके चलते अधिकारी कर्मचारी काफी आक्रोशित नजर आए।
इंसेट
ठोस कार्रवाई न होने पर पूरी तरह काम बंद कर सकते हैं अधिकारी कर्मचारी
दिबियापुर। बुधवार को विभागीय अधिकारियों ने काम बंद कर धरने पर बैठे रहे, लेकिन जनता से जुड़े काम होते रहे। कार्यालय में बिल जमा किए जाते रहे। साथ ही फाल्ट होने पर लाइनमैन फाल्ट ठीक करने पहुंचते रहे। कर्मियों की मानें तो कोई ठोस कार्रवाई न होने पर अधिकारी कर्मचारी बिल्कुल काम बंद कर सकते हैं। ऐसे में विद्युत आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है और भीषण गर्मी में लोग परेशान हो सकते हैं।
इंसेट
दो अलग-अलग ऑडियो वायरल
मंगलवार शाम को एक्सईएन एवं अधीनस्थों के बीच बहस का एक ऑडियो वायरल हुआ। जबकि एक अन्य ऑडियो एक कर्मी द्वारा विद्युत वितरण खंड की अधिशासी अभियंता के नाम पर रुपये की मांग करने का भी ऑडियो वायरल हुआ। हालांकि दोनों आडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती।
वर्जन
इस संबंध में न तो मुझे कोई जानकारी है और न ही किसी की तरफ से अभी तक उनके पास कोई भी पत्र भेजा गया है। यदि कोई पत्र मिलता है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
- अमित किशोर, एमडी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा