एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते पांच दिन पहले लापता 20 वर्षीय युवती के मामले में रविवार को युवती के परिजन महिलाओं को लेकर थाने पहुंच गए। परिजन ने पुलिस पर युवती को थाने में छिपाने का आरोप लगाया। बाद में पुलिस ने समझाकर परिजन को घर भेज दिया।
एक गांव निवासी युवती 12 मई की रात लापता हो गई थी। युवती के पिता ने 13 मई को औरैया के मोहल्ला बनारसीदास निवासी अजय के खिलाफ उसे ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
रविवार दोपहर करीब एक बजे किसी ने अफवाह उड़ा दी कि लापता युवती थाने आ चुकी है। इस पर युवती के परिवार की करीब 20 से अधिक महिलाएं और पुरुष थाने पहुंचे। वह बेटी को सौंपने की मांग को लेकर लगे।
उधर, आक्रोशित परिवार के लोगों को समझाते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवती थाने नहीं आई है और न ही पुलिस की कस्टडी में है। शुरुआती तौर पर परिजन मानने को तैयार नहीं थे लेकिन काफी देर तक समझाने के बाद युवती के परिवार के लोग मान गए और अपने घर चले गए।
पुलिस आरोपी व युवती को ढूंढ रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं को समझाकर शांत कर दिया गया था। युवती की तलाश लगातार जारी है।