औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के पुष्कर मोहल्ले में जुआरियों को पकड़ने पहुंची पुलिस से महिलाएं भिड़ गई। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं। वहीं सीओ प्रदीप कुमार ने मारपीट के आरोपों से इंकार किया है।
मंगलवार की शाम लगभग आठ बजे सीओ फोर्स के साथ कस्बे के मोहल्ला पुष्कर स्थित एक घर पर जुआरियों को पकड़ने के लिए दबिश दी। पुलिस को देख घर में मौजूद महिलाओं व युवतियों ने विरोध किया।
महिलाओं व युवतियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ हाथापाई की और बंदूक की बट मारकर घायल किया। इस दौरान पुलिस मौके से दो युवकों को अपने साथ ले गई। उधर, पुलिस की मारपीट से घायल परिजनों ने तत्काल महिलाओं व युवतियों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के साथ हुई हाथापाई के बाद अस्पताल में पहुंची महिलाओं व युवतियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सीएचसी में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर रोष जताया।
इस संबंध में सीओ ने बताया कि पुलिस की जुए की सूचना पर गई थी और घर से दो युवकों को पकड़ा था। उन्हें छुड़ाने के लिए महिलाओं व युवतियों ने पुलिस के साथ अभद्रता की। सीओ नेे पुलिस की ओर से मारपीट किए जाने से साफ इंकार किया है।