औरैया। दिबियापुर कस्बा के मंडी गेट के पास रिटायर्ड उपनिरीक्षक की छोटे पुत्र की पत्नी का शव गुरुवार शाम कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई की सूचना पर सीओ सदर, दिबियापुर थाना प्रभारी मय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की।
गुरुवार की शाम दिबियापुर नगर के मंडी गेट के पास रह रहे रिटायर्ड उपनिरीक्षक बालिस्टर सिंह के छोटे पुत्र कपिल की पत्नी समता (30) घर पर थी। घर के बाहर ससुर व छोटी पुत्री बैठे थे। पति कपिल कमरे में पहुंचा तो शव को फंदे पर देख परिजनों को सूचना दी। उधर जानकारी पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मृतका के पिता करन सिंह ने बताया कि समता की शादी 2018 में कपिल के साथ हुई थी।
समता बीमारी से पीड़ित थी। उसका इलाज चल रहा था। जिस वजह से वह परेशान रहती थी। दिबियापुर थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि महिला बीमार रहती थी। बीमारी से त्रस्त होकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।