कंचौसी। दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर कानपुर से चलकर टूंडला जाने वाली मेमू से रविवार को कंचौसी स्टेशन पर उतरी एक महिला यात्री डीएफसी लाइन से निकल रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई थी। कस्बा में प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर ले जाया गया। जहां मंगलवार तड़के महिला ने दम तोड़ दिया।
कंचौसी चौकी क्षेत्र के गांव ढिकियापुर निवासी मोहन लाल की पत्नी रामबेटी (55) किसी काम से रविवार सुबह कानपुर गई थी। जहां से शाम के समय मेमू ट्रेन से वापस लौटी। स्टेशन पर उतरने के बाद वह डीएफसी लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान आई मालगाड़ी की चपेट में आकर वह बुरी तरह से जख्मी हो गईं।
मौके पर एकत्र हुए लोग परिजनों के आने पर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद उन्हें कानपुर में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद मंगलवार सुबह उपचार के दौरान रामबेटी ने अंतिम सांस ली। मोहन लाल ने बताया कि मंगलवार सुबह रामबेटी ने दम तोड़ दिया।
चौकी प्रभारी कंचौसी प्रवेंद्र ने बताया कि उन्हें घायल हालत में महिला को भेजा गया था। इलाज के दौरान मौत की जानकारी अभी नहीं मिली है।