रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक आंगनबाड़ी सहायिका से बैग छीन लिया। इस दौरान महिला बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक लेकर मौके से भाग निकले।
उड़ेलापुर गांव निवासी लज्जावती आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने पति सुरेश चंद्र के साथ बाइक पर थीं। वे अछल्दा ब्लॉक में गेहूं का बीज खरीदने जा रही थीं। उनकी बाइक सिद्ध विनायक गेस्ट हाउस के सामने पहुंची। तभी पीछे से काली बाइक सवार तीन बदमाशों ने तेजी से झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। चलती बाइक पर अचानक हुए झटके से लज्जावती संतुलन खो बैठीं। वह सीधे सड़क पर आ गिरीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके पति ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले थे। लज्जावती के अनुसार, छीने गए बैग में करीब आठ हजार रुपये नकद, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और सेंट्रल बैंक की पासबुक रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में छानबीन शुरू की। कोतवाल विनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।