एरवाकटरा। क्षेत्र में डेंगू तेजी से दायरा बढ़ा रहा है। कई लोग इसकी गिरफ्त में हैं। इसी की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। एरवाकटरा नगला पहाड़ी गांव निवासी बृजेश सिंह चौहान की पत्नी रानू देवी (35) की तबीयत पिछले एक हफ्ते से खराब थी। बृजेश सिंह ने उन्हें उमरैन के प्राइवेट चिकित्सक से दवा दिलवाई। जब तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो इटावा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने रानू देवी को ग्वालियर स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराय। वहां इलाज के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया। मौत की खबर सुनकर गांव में मातम फैल गया। रविवार देर रात उनका शव नगला पहाड़ी गांव लाया गया। सोमवार को शोकाकुल माहौल में पति बृजेश सिंह ने पत्नी को मुखाग्नि दी।
इनसेट-
बढ़ रहे बीमार, कबाड़ हो रही फॉगिंग मशीन
क्षेत्र में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। ग्राम पंचायतों में खरीदी गई फॉगिंग मशीन प्रयोग न होने से कबाड़ हो रही है। क्षेत्र में फॉगिंग न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। लोग मच्छर जनित बीमारियों की चपेट में आकर परेशान हैं। सीएचसी और पीएचसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या में वृद्धि देखने को मिल रही है। झोलाछाप और मेडिकल स्टोरों पर लगी मरीजों की भीड़ क्षेत्र में पांव पसार रही वायरल और डेंगू बुखार की गवाही दे रही है।