ब्रह्मपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का एक्सल ठीक करने में जुटे रेलवे कर्मचारी।
- फोटो : amar ujala
शनिवार तड़के फफूंद स्टेशन के पश्चिमी आउटर के समीप एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। परिजन क्षतविक्षत शव उठाकर घर ले गए। जीआरपी ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
शनिवार तड़के लोगों ने देखा कि रेलवे स्टेशन फफूंद के पश्चिमी आउटर पर ट्रेन से कटा एक क्षत विक्षत शव पड़ा है। आसपास के लोग जानकारी पर पहुंचे तो महिला की शिनाख्त जमुना देवी (70) पत्नी राज कुमार निवासी भट्ठा बस्ती दिबियापुर के रूप में की।
मृतका के बेटे श्याम के अनुसार, मां कस्बे में शादी समारोह में पूड़ी बेलने जाती थी। शुक्रवार शाम को भी पूड़ी बेलने गई थी। सुबह घर लौट रही थी। हो सकता है कि रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गईं।
परिजन महिला के शव के टुकड़ों को इकट्ठा करके घर ले आए। बाद में अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस संबंध में जीआरपी प्रभारी का कहना है कि उन्हें घटना जानकारी नहीं है। दिबियापुर प्रभारी एसओ एनएल यादव का कहना है कि उन्हें भी इस संबंध में कोई सूचना नहीं है।