बिधूना (औरैया)। युवकों को जाल में फंसाकर फर्जी मुकदमा लिखाकर धन उगाही करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महिला को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश करेगी। गोरखपुर निवासी एक युवक ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
गोरखपुर थाना एम्स क्षेत्र स्थित मानिक नगर दरगारिया निवासी निशांत सिंह ने कोतवाली पुलिस को बताया कि साल 2023 में वह गौतम बुद्ध नगर में रहकर बीटेक कर रहा था। इस दौरान उसकी दोस्ती कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव नगला निवाजी निवासी शशि से हो गई।
इसके बाद महिला ने कमरे के किराये और अन्य खर्चों के नाम पर रुपये लेना शुरू कर किया। उसके अनुसार महिला ने उससे पांच लाख रुपये ले लिए। रुपये वापस मांगे तो फर्जी मामला दर्ज कराने और आत्महत्या की धमकी देकर फंसाने का प्रयास किया। बातचीत बंद होने पर महिला ने परिजन से संपर्क कर धमकी देना शुरू कर दिया।
इसके बाद वीडियो भेजकर 15 लाख रुपये और एक प्लॉट अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी। आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपी महिला कई लोगों को ऐसे ही जाल में फंसा चुकी है। 11 फरवरी 2025 को धमकी देकर उसे बिधूना बुलाया और 12 हजार रुपये नकद और एसबीआई एटीएम से 20 हजार रुपये निकलवाकर ले लिए। इसके बाद उसने 50 हजार की मांग करते हुए समझौते की बात कही।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि युवक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस महिला को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश करेगी।