अजीतमल। अचानक मौसम में बदलाव होने से लोग बीमार हो रहे हैं। जिससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
मंगलवार को सबसे ज्यादा उमस रही। जिसके चलते मरीजों की संख्या ज्यादा रही। वहीं तीन दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। ज्यादातर मरीज गले की समस्या सहित खांसी, जुकाम व बुखार आदि के ही आ रहे हैं। जिनका इलाज किया जा रहा है।
मंगलवार को सीएचसी पर मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्चा बनाए जाने वाली खिड़की पर लोग अपनी बारी आने का इंतजार करते देखे गए। वहीं दवा वितरण खिड़की पर डाॅक्टरों द्वारा लिखी दवा लेने व ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ दिखाई दी।
डॉ. मृत्युंजय ने बताया कि उमस बढ़ने से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस समय सबसे अधिक गले की समस्या खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की है। पिछले हफ्ते के शनिवार को करीब 385 मरीज, सोमवार को 425 मरीज तथा मंगलवार को 480, मरीज इलाज कराने अस्पताल पहुंचे है।