संवाद न्यूज एजेंसी
अयाना। एक पति ने अयाना निवासी पत्नी पर तीन माह के बच्चे को यमुना नदी में फेंकने का आरोप लगाते हुए शनिवार सुबह डायल 112 पुलिस को फोन से सूचना दी। पुलिस गोताखोरों की मदद से बच्चे को नदी में खोजने में जुटी गई। वहीं पत्नी ने बीमारी से बच्चे की मौत होने पर जल प्रवाह करने की बात कही।
अयाना निवासी बीनू भदौरिया की बेटी गार्गी की शादी 2022 में आगरा निवासी रजत के साथ हुई थी। दोनों में अनबन के चलते रक्षाबंधन से गार्गी मायके में रहती थी। यहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। शनिवार सुबह गार्गी के पति रजत ने पुलिस को 112 पर फोन करते हुए सूचना दी। बताया कि पत्नी ने विवाद के चलते उसके बच्चे को बीझलपुर स्थित यमुना नदी में फेंक दिया है।
जानकारी पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंचे सीओ अजीतमल राममोहन शर्मा, थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने स्थानीय गोताखोरों की मदद बच्चे की नदी में खोज शुरू कराई। वहीं पत्नी गार्गी ने बताया कि पति ग्वालियर घोषपुरा 01 में रहते हैं। वह उसे अपने साथ नहीं ले जाते हैं। आगरा आने पर उसके साथ मारपीट करते थे। इसपर पिता उसको घर ले आए थे।
कुछ दिनों से बेटे की तबियत खराब थी। शुक्रवार सुबह बच्चे को परेशानी बढ़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से सैफई ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ राममोहन शर्मा ने बताया कि बच्चे को नदी में खोजा जा रहा है। आरोप-प्रत्यारोप की जांच कराई जा रही है। मां का कहना है कि बच्चे की बीमारी से मौत हो गई थी, जिसे जलप्रवाह किया गया है। वहीं पति ने पत्नी पर बच्चे को यमुना नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।