संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। शाम को आचार संहिता लगने से कुछ घंटे पहले नगर दिबियापुर में विकास का खाका खींचने के लिए नगर पंचायत की बोर्ड बैठक हुई। शनिवार सुबह हुई बजट बैठक में 27 लाख 72 हजार 164 रुपये का अनुमानित घाटे का बजट पास हुआ।
इसके साथ ही विकास कार्यों के कुल 14 प्रस्ताव पास हुए। चेयरमैन राघव मिश्रा ने वित्तीय वर्ष 2024-2025 का अनुमानित बजट पेश किया गया। बैठक में अनुमानित आय 20 करोड़ 18 लाख 77 हजार आठ सौ 36 रुपये के मुकाबले अनुमानित व्यय 20 करोड़ 46 लाख रुपये प्रदर्शित किया गया।
सभासद सुशीला पोरवाल ने राणा नगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (मिडिल) के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। सभासद इंद्रपाल सिंह ने रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर जाने के लिए क्रॉसिंग के दोनों ओर सीढि़यों के निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव लिखाया। सभासद ऋषि पोरवाल ने आजाद नगर, संजय नगर एवं इंदिरा नगर समेत अन्य वार्डों में स्थित अंबेडकर पार्कों के सौंदर्यीकरण कराने का प्रस्ताव दिया।
सभासद राहुल आंबेडकर ने आउट सोर्सिंग कर्मियों के वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। सभासद कृष्ण कुमार कश्यप ने प्रस्तावित नए नहरपुल के बारे में चर्चा करते हुए मांग की कि नगर के बाहर बाईपास बनवाने के लिए शासन से पत्राचार किया जाए। सभासद राजीव शर्मा एवं सचिन गुप्ता ने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। सभासद ममता देवी ने जल निगम द्वारा खोदकर खराब की गईं सड़कों का मुद्दा उठाते हुए जल्द दुरूस्त कराने को कहा।
सभासद राहुल दीक्षित ने नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण की मांग की गई। सभासद गौसिया बानो एवं सभासद रेखा राजपूत ने जल्द नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की। बैठक में अध्यक्ष राघव मिश्रा, अधिशासी अधिकारी विनय पांडेय, वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र सिंह राजावत, विधायक प्रतिनिधि अजय पोरवाल समेत गौसिया बानो, सुशीला पोरवाल, सीमादेवी, ममता देवी, रेखा राजपूत, संगीता प्रकाश, अभय प्रजापति एवं सचिन गुप्ता आदि सभासद मौजूद रहे ।
इंसेट
रेलवे स्टेशन फफूंद का नाम दिबियापुर करने का प्रस्ताव पास
दिबियापुर। नगर पंचायत दिबियापुर में विधायक प्रदीप यादव के प्रतिनिधि अजय पोरवाल ने प्रस्ताव रखा कि नगर स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन के नाम को बदलकर दिबियापुर रखा जाए। इसके लिए रेल मंत्रालय को पत्र भेजा जाये। सभी सदस्यों की सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास किया। उन्होंने नगर पंचायत के समस्त करों का पुनर्निर्धारण किए जाने की मांग करते हुए दोबारा सर्वे कराने की भी मांग की। यहां बता दें कि पिछले दिनों सांसद डॉ.रामशंकर कठेरिया ने नगर पंचायत में हुए कार्यक्रम में आश्वस्त किया था कि नगर पंचायत की ओर से प्रस्ताव पास किया जाए। अगली नरेंद्र मोदी की सरकार में रेलवे स्टेशन फफूंद का नाम बदलवा दिया जाएगा।