फोटो-05एयूआरपी-33- बच्चों को जूते दिलाने के बाद खुशी जाहिर करते एसपी अभिषेक वर्मा व जिलाधिकारी सुनी?
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा। क्षेत्र के रठा गांव के लोगों का शनिवार को डीएम और एसपी ने दिल जीत लिया। इन दोनों अफसरों की नजर जब नंगे पैर टहल रहे बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने अभिभावकों से इसका कारण जाना। इनकी बात सुनकर दोनों अफसरों का दिल पसीज गया और उन्होंने बच्चों के लिए मौके पर ही जूते मंगवाए और फिर अपने हाथों से पहनाए भी।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगे डीएम सुनील कुमार वर्मा व एसपी अभिषेक वर्मा शनिवार को अछल्दा पहुंचे थे। पुलिस व सुरक्षा बलों के साथ घसारा, बुझौआ, गढवाना, खेरा, सकरावा, इटैली, नेवलगंज व अछल्दा क्षेत्र में गश्त की। मतदाताओं को 20 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए जागरूक किया। साथ ही मतदान की प्रक्रिया के बारे में भी मतदाताओं को जानकारी दी।
इसके बाद दोनों अफसर रठा गांव पहुंचे। यहां पर उन्हें बिना जूते व चप्पल के कुछ बच्चे घूमते दिखे। बच्चों को बुलाया और उनसे बिना जूते, चप्पल के घूमने का कारण पूछा।
बच्चों और उनके अभिभावकों ने जब समस्या बताई तो अफसरों का दिल पसीज गया। आनन-फानन बच्चों के लिए वहीं पर कई जोड़े जूते मंगवा गए। अफसरों की दरियादिली देख ग्रामीण तारीफ करने से नहीं चूके। डीएम और एसपी ने अपने हाथों से 24 बच्चों को जूते पहनाए और नियमित स्कूल जाकर पढ़ाई करने करने और काबिल बनने की नसीहत दी। बच्चों ने भी सिर हिलाकर हामी भरी।
फोटो-05एयूआरपी-32- एक बच्चे को जूता पहनाते जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा। संवाद- फोटो : AURAIYA