फोटो 15 एयूआरपी 11 - बिधूना स्थित खरीद केंद्र का निरीक्षण करते डिप्टी आरएमओ
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सरकारी क्रय केंद्रों पर बुधवार को गेहूं की खरीद शुरू हो गई। पहले दिन 125 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। शासन ने जिले में 55 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। शहर के मंडी समिति स्थित तीनों केंद्रों पर पहले दिन कोई किसान नहीं पहुंचा। बिधूना स्थित क्रय केंद्र पर सबसे पहले पहुंचे किसान का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वहीं, डिप्टी आरएमओ ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर केंद्र प्रभारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उधर, कोरोना से बचाव के लिए क्रय केंद्रों पर समुचित व्यवस्था की गई है।
लॉकडाउन के चलते इस बार गेहूं खरीद 15 दिन विलंब से शुरू हो पाई है। बुधवार को पहले दिन तीन किसानों ने कुल 125 क्विंटल गेहूं बेचा। बिधूना केंद्र पर 51 क्विंटल, दिबियापुर में 13 क्विंटल तथा एरवाकटरा केंद्र पर 61 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। कोरोना वायरस के चलते इस बार टोकन सिस्टम लागू किया गया है। पहले दिन छह किसानों को टोकन जारी किए थे। शहर स्थित मंडी समिति के तीन क्रय केंद्रों पर बैनर, कांटा-बांट के अलावा बारदाना उपलब्ध मिला, लेकिन यहां पर पहले दिन बोहनी तक नहीं हो सकी। कर्मचारी केंद्र पर किसानों की राह देखते नजर आए। मंडी समिति स्थित क्रय केंद्रों पर डिप्टी एआरएमओ सुधांशु शेखर चौबे ने खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों को सभी व्यवस्था चाक-चौबंद किए जाने के निर्देश दिए। डिप्टी एआरएमओ ने बताया कि पहले दिन बिधूना में 51, दिबियापुर में 13 व एरवाकटरा में 61 क्विंटल गेहूं खरीद हुई है। सोशल डिस्टेंस को पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन किसानों को पंजीकरण हो चुके हैं, उन्हें टोकन के आधार पर खरीद केंद्र पर दिन व समय तय कर दिया गया है, जिससे केंद्रों पर अनावश्यक किसानों की भीड़ एकत्रित न हो।