औरैया। दो दिन हुई बारिश से नगर पालिका के पांच मोहल्लों में जलभराव हो गया। जल निकासी न होने व घरों में पानी घुसने से परेशान लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। औरैया- दिबियापुर बाईपास मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ सिटी ने आक्रोशित लोगों ने समझाकर जाम खुलवाया। पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकालने का इंतजाम भी कराया।
बृहस्पतिवार की देर रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से शहर के अधिकांश मोहल्लों में जलभराव हो गया। सबसे अधिक खराब स्थिति नई बस्ती, बनारसीदास, गोविंद नगर, गायत्री नगर, इंडियन ऑयल के समीप, फफूंद रोड पर देखने को मिली। यहां रविवार की सुबह तक पानी भरा होने से लोग घरों में कैद है। खाली प्लॉटों में पानी भरा होने से मकान कमजोर होने को लेकर लोग चिंतित हैं।
गोविंद नगर मोहल्ले के लोगों का गुस्सा रविवार की सुबह सामने आया। आक्रोशित मोहल्ले के लोगों ने दिबियापुर-औरैया बाईपास पर जाम लगा दिया। साथ ही प्रशासन और पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रकट किया। जाम की सूचना पर एसडीएम सदर राकेश कुमार और सीओ सिटी महेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों को किसी तरह समझाकर उनके गुस्से को शांत किया और जल्द ही पानी निकालने की बात कही। जाम खुलते ही एसडीएम ने पंपिंग सेट लगवाकर प्लॉटों, खाली जमीन पर भरे पानी को निकलवाने का काम किया। पानी निकलने पर मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।
-
बोले जिम्मेदार
आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया था। पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकाला जा रहा है। वह स्वयं मौके पर हैं। स्थानीय लोगों की समस्या का निस्तारण का पूरा प्रयास किया जाएगा।- राकेश कुमार, एसडीएम औरैया