रुरुगंज। ग्राम पंचायत पुरवा पीताराम में जल जीवन मिशन के तहत हर घर में पानी पहुंचाने की योजना पूरी तरह से फेल है। यहां पर इस मिशन में गांव में अंडरग्राउंउ पाइप लाइनें डाली गईं। मगर काम पूरा नहीं किया।
आधी अधूरी लाइनें बिछाकर जिम्मेदार चले गए। अब बिछाई गई पाइप लाइन में लीकेज हो गए हैं। हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। इससे घरों में भी पानी पहुंचता नहीं।
करीब डेढ़ बरस पहले विकास खंड ग्राम पंचायत पुरवा पीताराम में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना का काम शुरू किया था। इसके बाद ठेकेदार आधी-अधूरी पाइप लाइन बिछाकर गायब हो गया है। जहां पर पाइप लाइनें बिछाई गई हैं, वहां पर पाइप लाइन लीकेज हो गए हैं।
जलापूर्ति चालू करने पर हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। सड़क पर पानी बहने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों की मानें तो अभी तक टोटी भी नहीं लग सकी है। रुरुगंज चौराहे पर पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीण कैलाश तिवारी का कहना है कि मोहल्ले में न तो पाइप लाइन सही है और न ही टोटी लगी हैं। शिवमंगल सिंह ने बताया कि आधे गांव में पानी की सप्लाई चालू है। आधे में पानी तो दूर टोटी भी नहीं लगाई गई हैं। इससे पानी बर्बाद हो रहा है।
प्रधान आरती देवी ने इस संबंध में उच्चाधिकारी से मिलकर जल निगम व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी। उधर, जल निगम के टेक्नीशियन विमल कुमार ने बताया कि कई जगह कार्य अधूरा पड़ा। उसे भी जल्द पूरा कराया जाएगा।