बिना सुरक्षा उपकरण लाइन दुरुस्त करता कर्मी।
- फोटो : बिना सुरक्षा उपकरण लाइन दुरुस्त करता कर्मी।
रुरुगंज। उपकेंद्र अछल्दा के रुरुगंज फीडर में जान जोखिम में डालकर विद्युत कर्मी फॉल्ट ठीक कर रहे हैं। इनके पास सुरक्षा के उपकरण नहीं हैं। न तो इनके पास हेलमेट है और न ही सेफ्टी बेल्ट। सुरक्षा किट की अन्य सामग्री का भी अभाव रहता है।
क्षेत्र में चंद पैसों की खातिर कर्मचारी लाइनमैन का काम कर रहे हैं। शासन के निर्देशों के बावजूद विभाग इनकी सुरक्षा से लगातार खिलवाड़ कर रहा है।
दिन हो या रात, जान जोखिम में डालकर कार्य करने वाले कई कर्मचारी लापरवाही से हादसे का शिकार हो चुके हैं। इनमें कुछ जीवन भर के लिए विकलांगता का कष्ट सहने के लिए विवश हैं।
नियम के मुताबिक विद्युत अनुरक्षण का कार्य करने वाले आउटसोर्सिंग व संविदा श्रमिकों को सुरक्षा किट देने का प्रावधान है। सुरक्षा किट में दस्ताने, प्लायर, सुरक्षा बेल्ट आदि होता है।
ताकि पोल पर चढ़कर उन्हें लाइन ठीक करने में किसी प्रकार का जोखिम न हो। जेई धीरेंद्र गौतम ने बताया कि सभी लाइनमैन को टूल किट दे दी गई है। कौन लाइनमैन बिना किट के काम कर रहा, इसकी जानकारी नहीं है।