औरैया। मौसम में अचानक बदलाव आ गया है। धुंध छाए रहने के साथ मंद गति से सर्द हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं सेहत के लिए नुकसानदेह है। सर्दी, बुखार के साथ ही खांसी के मरीज बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर और हार्ट के मरीज को सावधानी बरतने का सलाह दी। कहा कि बाहर निकलने से पहले पूरे शरीर को ढक कर निकलें। इस बीच ओपीडी में बीपी और सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीज करीब 15 फीसदी बढ़ गए हैं।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में इन दिनों सर्दी-खांसी के मरीजों की भीड़ देखी जा सकती है। मौसम में आ रहे बदलाव और धुंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कणों में कार्बन डाई आक्साइड, कार्बन मोनो आक्साइड, निकिल, कोबाल्ट सल्फर, जिंक और लेड जैसे खतरनाक व जहरीले रसायन शामिल हो गए है। सांस लेते वक्त ये फेफड़े तक पहुंच रहे है और वहां संक्रमण को बढ़ा रहे हैं। इस बीच पारे में हुई गिरावट से समस्या बढ़ गई है। सुबह-शाम एयर प्रूफ कपड़े पहनने में बरती जाने वाली लापरवाही लोगों को बीमार कर रही है।
सर्दी के मौसम में धूप सेंकना जरूरी होता है। कुछ लोगों में यह भ्रांति है कि धूप सेकने से सौंदर्य पर असर पड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं है। धूप सेहतमंद बनाती है। यह सीधे-सीधे शरीर को भरपूर विटामिन डी देती है। सर्दी में प्यास कम लगती है इसलिए पानी पीने पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत पड़ती है। दिन भर खूब पानी पीएं, लेकिन रात को सोते समय कम पानी पीना चाहिए। इसकी कमी से त्वचा और हड्डियों में कमजोरी आ जाती है। चिकित्सकों ने बताया कि सर्दी के मौसम में पसीना कम निकलता है इसलिए नमक कम खाना चाहिए। ज्यादा नमक खाने से ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के डॉ. अमित पोरवाल ने बताया कि यह मौसम संक्रमण के लिए खतरनाक होता है। खासतौर से सुबह शाम बचने की जरूरत होती है। बाहर निकलते वक्त एयर प्रूफ कपड़े पहनें। कान को ढककर रखें। बीपी, सांस के मरीजों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। इन मरीजों को मुंह ढककर रखना चाहिए। समस्या बढ़े तो तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। यह गंभीर निमोनिया अथवा फेफड़े के अन्य संक्रमण का लक्षण हो सकता है। बताया कि अचानक सर्दी के आने पर ब्लड प्रेशर और हार्ट की समस्या बढ़ती है। जिन लोगों को पहले से ब्लड प्रेशर है वे दूसरे तीसरे दिन बीपी नापते रहे। अचानक घबराहट के साथ पसीना आए तो अनदेखी न करें। यह मौसम ब्रेन स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ाता है। इस मौसम में गुनगुने पानी का सेवन करना फायदेमंद रहता है। गुनगुना पानी पीने व नहाने से शरीर का नर्वस सिस्टम दुरुस्त रहता है।