बिधूना विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदू के मजरा नुनारी में जिला पंचायत निधि से सीसी रोड बन रही है। रोड में घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर ग्रामीणों ने कार्य रुकवा दिया।
ग्राम नुनारी निवासी सलीम, दिलीप, गोपाल, रहीश, समशेर, सलीम, अवधेश, सुमंत चौबे, सुमित, जौहरी, मेवाराम, लल्लू, सरमन, अहवरन, छुन्नीलाल, हरिश्चंद्र, सतेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, संजू, अमित कुमार आदि ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह राजावत की निधि से 180 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है।
ठेकेदार आलोक त्रिपाठी अनियमितता बरत रहे हैं। सीसी रोड में घटिया सीमेंट तथा गिट्टी व डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है।
यह सड़क तो पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी। सड़क के दोनों तरफ जल निकासी के लिए नालियां भी न बनने के कारण नालियों का पानी घर में घुसेगा।
आसाम सिंह ने बताया कि गांव मे सीसी रोड बिना मानक के बन रही है। जो बनते ही पूरी रोड चटक गई है। संजय ने बताया कि सड़क बनाने में धांधली की जा रही है। घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
शिवा ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ नाली का निर्माण नहीं कर रहे हैं, जिससे नाली का बरसाती पानी घरों में घुसेगा और बीमारी फैलेगी।