क्षेत्र के ग्राम देवरपुर में राशन डीलर के खिलाफ उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। राशन न मिलने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने गांव में जमकर हंगामा किया और जिलापूर्ति अधिकारी पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने डीएम से जांच की मांग कर राशन दिलाने को कहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि राशन विक्रेता मनमाने तरीके से राशन का वितरण कर रहा है। वह अधिक दाम वसूल रहा है। बीपीएल व अंत्योदय कार्डधारकों के राशन में कटौती कर रहा है। एपीएल कार्डधारक किरन देवी पत्नी लाखन सिंह ने बताया कि कोटेदार से राशन मांगने पर वह अभद्रता करता है।
श्यामलाल ने बताया कि गेहूं मांगने पर गाली-गलौज करता है। इसी प्रकार अरविंद पुत्र सुबेदार, सुमित नारायण पुत्र बाबूराम, निर्मल कुमार पुत्र ब्रजलाल, रविंद्र पुत्र सीताराम का आरोप है कि राशन कोटेदार कभी गेहूं का वितरण नहीं करता है। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से राशन दिलाने के साथ जांच कराने की मांग की है।