राज्य निर्वाचन आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा जिले की अछल्दा क्षेत्र पंचायत के ग्राम सल्हूपुर में रिक्त पड़े ग्राम प्रधान पद के उप चुनाव के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से उप चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके लिए नामांकन 23 अप्रैल को और मतदान 30 को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी माला श्रीवास्तव की ओर से जारी की गई अधिसूचना के तहत अछल्दा क्षेत्र पंचायत की ग्राम पंचायत सल्हूपुर में रिक्त पड़े ग्राम प्रधान के अनारक्षित एक पद के लिए 30 अप्रैल को मतदान की तिथि तय की गई है। अधिसूचना के संबंध में एडीओ पंचायत रावेंद्र सिंह ने बताया कि अनारक्षित प्रधान के एक पद के लिए नामांकन पत्र 23 अप्रैल को सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक क्षेत्र पंचायत मुख्यालय अछल्दा पर दाखिल किए जा सकेंगे।
जमा नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे से की जाएगी। वहीं 25 अप्रैल को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इसी दिन उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्नों का भी आवंटन किया जाएगा। ग्राम सल्हूपुर में रिक्त प्रधान पद के लिए 30 अप्रैल को सुबह 7 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 2 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू कराई जाएगी।