बेला। ब्लॉक बिधूना की ग्राम पंचायत बेला में मंडी रोड पर स्थित भारतीय महाविद्यालय के सामने करीब 200 की आबादी कई महीनों से जलभराव से जूझ रही थी। रविवार सुबह जलभराव बढ़ने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मंडी रोड पर पहुंचकर धरने पर बैठने की बात कही। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने जेसीबी से नाली बनवाकर समस्या का अस्थायी समाधान करवाया।
धरने की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि ग्रामीणों को समझाने मौके पर पहुंचे। बेला निवासी भाजयुमो महामंत्री शीलू कुशवाहा ने ग्रामीणों को शांत किया। उन्होंने प्रशासन को समस्या समाधान के लिए एक दिन का समय दिया। शीलू कुशवाहा ने सीडीओ राम कृपाल, एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह और बीडीओ बिधूना संजीव पांडेय को फोन पर जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान कराने को कहा। सूचना पाकर प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
एक घंटे के भीतर एडीओ पंचायत बिधूना नृपेंद्र कुमार, ग्राम विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह, लेखपाल रोहित यादव और ग्राम प्रधान राकेश सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अंबुज सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने जेसीबी लगवाकर गांव फतेहपुर जाने वाली डामर रोड व खड़ंजा को तुड़वाया। एक गहरी नाली बनवाई गई, जिससे पानी तेजी से बंबे में जाने लगा। पानी निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उन्होंने अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।