औरैया। गांव ककराही में श्मशान में रात बिताने वाले एक युवक को बलि की आशंका में गुरुवार को कुछ लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को शांति भंग के अंदेशे में पाबंद कर दिया है। वहीं, युवक का कहना है कि मुस्लिम होने के बावजूद वह हनुमान जी की पूजा करता है। इसलिए गांव के कुछ लोग उससे द्वेष मानते हैं।
गुरुवार को नौशाद पुत्र इसरार निवासी करहल मैनपुरी को गांव ककराही के ग्रामीणों ने श्मशान पर रात में रुकने के कारण पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि आरोपी किसी की बलि देना चाहता है। हालांकि नौशाद ने बताया कि मैनपुरी में वह भगवान हनुमान भक्त नौशाद के रूप में प्रसिद्ध है।
19 फरवरी को मैनपुरी में भगवान हनुमान की पूजा करने एवं मंदिर के पुजारी के पैर छूने के कारण उनके धर्म के लोगों ने उसे व उसकी पत्नी को मैनपुरी में मारापीटा था। इसके बाद वह पत्नी के साथ दिबियापुर के पास ककराही गांव चला आया।
बताया कि ककराही का ही वह मूल निवासी है। यहां पर परिजनों ने उसे घर पर रोकने से इनकार कर दिया। इस पर पत्नी को वह ग्राम चमरौआ में अपनी रिश्तेदारी में छोड़ आया। जबकि वह स्वयं ककराही के श्मशान पर रात में सोने लगा। वहीं से लोगों ने पकड़ लिया। इस संबंध में दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है। एहतियात के तौर पर शांति भंग में पाबंद कर दिया गया है।